सोनिया ने भाजपा की आलोचना की
संसद के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन पार्टी के संसदीय दल की एक बैठक को सम्बोधित करते हुए गांधी ने सवाल किया : "भ्रष्टाचार पर हमें भाषण देने वाले वे लोग कौन हैं?"
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस बैठक के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए गांधी के हवाले से कहा कि कर्नाटक और कई अन्य राज्यों में भाजपा सरकारें भ्रष्ट हैं।
गांधी ने कहा कि अपने खिलाफ आरोप लगने के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे होने के बावजूद भाजपा नेता अपनी कुर्सियों से चिपके हुए हैं।
सिंघवी ने कहा कि विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए, जिसके कारण संसद का शीतकालीन सत्र नहीं चल पाया, गांधी ने कहा कि "भाजपा को संसद का अपमान नहीं करना चाहिए।"
सिंघवी के अनुसार गांधी ने कहा कि विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के कारण संसद का जो समय बर्बाद हुआ और सरकारी खजाने को जो नुकसान हुआ, उसे देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग), वामपंथी पार्टियों व अन्य दलों सहित समूचा विपक्ष, 2008 में 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में हुए घोटाले की जेपीसी जांच कराए जाने की मांग कर रहा है। सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार इस घोटाले के कारण राष्ट्रीय खजाने को भारी नुकसान हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications