तेलंगाना विवाद : छात्रों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए गए
विधानसभा में वक्तव्य देते हुए गृह मंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी ने कहा कि 2,436 लोगों के खिलाफ लगे 562 मामले वापस ले लिए गए हैं।
दिसम्बर 2009 से इस साल सितम्बर तक 8,047 लोगों के खिलाफ कुल 1,667 मामले दर्ज किए गए थे।
उन्होंने कहा कि मामलों की गम्भीरता को देखते हुए उन्हें दो भागों में बांटा गया है। निषेधात्मक आदेशों के उल्लंघन, सड़क जाम और आत्महत्या के प्रयासों के मामले वापस लिए गए हैं जबकि निजी व सार्वजनिक सम्पत्ति पर हमले व आगजनी के मामलों की जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा, "कुल मामलों में से 411 लोगों के खिलाफ 122 मामलों को थाना स्तर पर ही जांच के दौरान बंद कर दिया गया था जबकि 2,500 लोगों के खिलाफ अदालत में लम्बित 383 मामले भी बंद कर दिए गए हैं।"
गौरतलब है कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने छात्रों के खिलाफ मामलों को वापस लिए जाने की मांग के चलते शुक्रवार और शनिवार को विधानसभा की कार्यवाही बाधित की थी। सोमवार को भी इसी के चलते सदन को स्थगित करना पड़ा।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) और टीआरएस ने रेड्डी के बयान पर असंतुष्टि जताते हुए मांग की है कि छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मामले बिना शर्त वापस लिए जाएं।
इस बीच मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी ने सदन को आश्वासन दिया है कि प्रत्येक मामले की पूरी जांच होगी।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों को समाप्त नहीं किया गया सरकार उनके विषय में सही समय पर सही फैसला करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications