संसद पर हमले के दोषियों को दंडित किया जाए : भाजपा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने 13 दिसम्बर, 2001 को हुए हमले के दौरान मारे गए नौ लोगों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कहा, "संसद पर हमले के लिए जिम्मेदार रहे लोगों के बारे में देश जानना चाहता है। सरकार को दोषियों को दंडित करना चाहिए।" शहीद हुए नौ व्यक्तियों में आठ सुरक्षाकर्मी शामिल थे।
स्वराज ने कहा कि हमलावरों को दोषी ठहराया जा चुका है और सर्वोच्च न्यायालय ने उनकी सजा को मंजूरी भी दे दी है।
स्वराज ने कहा, "हम हमले के दौरान शहीद हुए लोगों को तो श्रद्धांजलि दे रहे हैं, जबकि दोषियों को अभी तक दंडित नहीं किया जा सका है। ऐसे में श्रद्धांजलि देना मात्र औपचारिकता जैसी लगती है।"
ज्ञात हो कि 13 दिसम्बर, 2001 को पांच बंदूकधारियों ने संसद पर हमला बोल दिया था और अंधाधुंध गोलीबारी की थी। उस हमले में नौ व्यक्ति मारे गए थे।
मारे गए लोगों में दिल्ली पुलिस के पांच जवान, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक महिला सुरक्षाकर्मी, संसद के दो सुरक्षाकर्मी और एक माली शामिल थे। हमले में एक पत्रकार भी घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications