दिल्ली में अपराधों के लिए प्रवासी जिम्मेदार : चिदम्बरम
चिदम्बरम ने कहा, "दिल्ली में अपराध में गिरावट आई है.. दिल्ली में अपराध इसलिए होते हैं, क्योंकि यहां प्रवासियों की बड़ी आबादी है।"
चिदम्बरम ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा, "यहां बड़ी संख्या में अनधिकृत कॉलोनियां हैं। इन अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले प्रवासियों का अपना एक तरह का आचरण है, जो किसी भी आधुनिक शहर में स्वीकार्य नहीं हैं। इसलिए यहां अपराध होते हैं।"
लेकिन चिदम्बरम ने यह नहीं बताया कि वह किस आधार पर बोल रहे हैं और राजधानी में अपराध के लिए प्रवासियों को दोषी ठहरा रहे हैं।
चिदम्बरम का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब शनिवार की शाम एक किशोरी के साथ कार में बलात्कार हुआ।
प्रवासियों पर चिदम्बरम के इस आरोप की उनकी कांग्रेस पार्टी सहित विपक्षी दलों ने आलोचना की है।
कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित ने कहा, "चिदम्बरम को तथ्यों की जानकारी नहीं है।" संदीप, मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे हैं और पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी निवास करते हैं।
भाजपा के एस.एस.अहलूवालिया ने कहा कि गृह मंत्री का बयान गैरजिम्मेदाराना है। अहलूवालिया ने कहा, "चिदम्बरम का यह बयान गैरजिम्मेदाराना और निंदनीय है। कांग्रेस सरकार अपनी विफलता छुपाने की कोशिश कर रही है।"
राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी गृह मंत्री की है और अपराध में बढ़ोतरी चिदम्बरम की विफलता का परिचायक है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भी गृह मंत्री पर अपनी विफलता छुपाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications