जेपीसी के नाम रहा शीतकालीन सत्र, संसद अनिश्चितकाल तक स्थगित (लीड-2)
सत्र के अंतिम दिन सोमवार को कुछ जरूरी कामकाज निपटाने के बाद दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।
शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन की शुरुआत वर्ष 2001 में संसद भवन पर हुए आतंकी हमले की नौवीं बरसी के मौके पर शहीदों को श्रद्धांजलि दिए जाने के साथ शुरु हुई। श्रद्धांजलि के लिए कुछ समय तक शांत रहे सांसद जेपीसी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
लोकसभा की कार्यवाही जैसे ही 11 बजे शुरू हुई अध्यक्ष मीरा कुमार ने 13 दिसम्बर वर्ष 2001 को संसद पर हुए आतंकवादी हमलों के दौरान शहीद हुए पांच पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बल के एक जवान और संसद के दो सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई।
इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, "आतंकवादी हमले के दौरान बहादुर सुरक्षाकर्मियों ने अपना बलिदान दिया।" उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक स्तर पर लड़े जाने की जरुरत है।
शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद मीरा कुमार ने सदन में जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने को कहा विपक्षी सदस्यों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया और वे उनके आसन के करीब आकर नारेबाजी करने लगे।
सदस्यों के इस रुख को देखते हुए मीरा कुमार ने इस बार उनसे बैठने का आग्रह नहीं किया बल्कि बहुत देर तक उन्हें चुपचाप देखती रहीं। सदस्य लगातार 'वी वांट जेपीसी' के नारे लगा रहे थे।
इस बीच सत्तापक्ष के सांसद भी कुछ नहीं बोले और चुपचाप विरोध को देखते रहे।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने अध्यक्ष से सदन की कार्यवाही स्थगित करने के लिए कहा लेकिन मीरा कुमार ने उनकी तरफ नहीं देखा। बाद में उन्होंने कार्यवाही को दोपहर तक के लिए स्थगित कर दिया।
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर में जैसे ही शुरू हुई विपक्षी सदस्यों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया जिसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को अनिश्तिकाल के लिए स्थगित कर दिया।
उल्लेखनीय है कि एक महीने से भी ज्यादा समय तक चलने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्षी सदस्यों के हंगामेदार और कड़े रुख के चलते कोई महत्वपूर्ण विधायी कार्य नहीं हो पाया।
उधर, राज्यसभा में भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई विपक्षी सदस्यों के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को पहले दोपहर तक के लिए और फिर अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications