सीएमओ हत्याकांड का खुलासा, 2 गिरफ्तार
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने संवाददाताओं को बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर विजय दुबे और अजय मिश्रा को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। इन दोनों ने सीएमओ की हत्या में शामिल होने की बात कबूल करते हुए बताया कि उनके साथी सुधाकर पांडे ने पांच गोलियां दागकर हत्या को अंजाम दिया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों गिरफ्तार अभियुक्त और उनका फरार साथी सुधाकर पेशेवर शूटर हैं और सुपारी लेकर ऐसा जघन्य अपराध करते हैं।
बृजलाल ने बताया कि दोनों अभियुक्तों से पूछताछ में सामने आया कि सुधाकर ने यह हत्या जिला जेल में बंद सुमित दीक्षित और अमित दीक्षित के इशारे पर की थी। बांदा जिला कारागार में बंद माफिया अभय सिंह ने सीएमओ की हत्या कराने के लिए उन दोनों को पांच लाख रुपये दिए थे।
बृजलाल ने कहा कि सीएमओ की हत्या में अभय सिंह, अमित और सुमित की संलिप्तता सामने आने के बाद तीनों को पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है। इन तीनों से पूछताछ के बाद के बाद ही हत्या का मकसद साफ हो पाएगा।
गौरतलब है कि 25 अक्टूबर को लखनऊ के विकास नगर इलाके में सीएमओ (परिवार कल्याण) विनोद आर्या की उनके घर के पास उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई, जब वह सुबह सैर पर निकले थे।
बृजलाल ने कहा कि फरार सुधाकर पांडे की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications