कांग्रेस अधिवेशन के लिए तैयारियां जोरों पर
नई दिल्ली, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के तीन दिवसीय समग्र अधिवेशन के लिए एक बार फिर तैयार हो रही है। 125 वर्ष पुरानी इस पार्टी का दिल्ली में छठा और देश की स्वतंत्रता के बाद तीसरा समग्र अधिवेशन है। यह अधिवेशन 18 से 20 दिसम्बर तक चलेगा।
कांग्रेस के दिल्ली इकाई के प्रमुख जे.पी. अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया, "यह एक ऐतिहासिक अधिवेशन होगा। इसकी तैयारियों में हम और कार्यकर्ता पूर्ण रूप से जुटे हैं।"
उन्होंने कहा कि पश्चिमोत्तर दिल्ली के बुराड़ी में समग्र अधिवेशन का आयोजन होना है। पार्टी के 125 वर्ष पूरे होने पर एक साल तक चले समारोहों का यहां समापन भी हो जाएगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने आईएएनएस को बताया, "दिल्ली में होने वाली यह बैठक कांग्रेस के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगी। बैठक में स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस पार्टी के योगदानों पर प्रकाश डाला जाएगा।"
ज्ञात हो कि पार्टी समग्र अधिवेशन की बैठक मुम्बई में करने वाली थी, लेकिन आदर्श हाउसिंग सोसायटी घोटाला उजागर होने के बाद उसे अपनी बैठक की जगह बदलनी पड़ी है।
पार्टी 32 वर्षो के अंतराल के बाद समग्र अधिवेशन का आयोजन कर रही है। वर्ष 1978 में इंदिरा गांधी ने नई दिल्ली में इस अधिवेशन की अध्यक्षता की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications