फिलहाल राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहेंगी उमा
आडवाणी द्वारा अपने सम्बंध में की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उमा ने रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, "ब्लॉग में जो कुछ भी लिखा गया है वह पूर्णतया तथ्यात्मक है और उससे मैं सहमत भी हूं। इसके बावजूद मैं कुछ महीनों के लिए खुद को राजनीतिक गतिविधियों से अलग रखना चाहती हूं। मैं अभी भी भारतीय जनशक्ति की सदस्य हूं लेकिन मैं उसकी राजनीतिक गतिविधियों से दूर हूं। मैं कुछ मुद्दों को लेकर मकर संक्रांति से एक गैर राजनीतिक अभियान जरूर शुरू कर रही हूं।"
उन्होंने कहा कि देश में कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर राजनीति से बाहर रहकर भी लड़ा जा सकता है। वह अपने अभियान के दौरान राममंदिर के निर्माण के लिए सर्वसम्मति बनाना, भ्रष्टाचार, महिला आरक्षण में पिछड़ी जाति की महिलाओं को कोटा, घुसपैठ, अमीर व गरीब के बीच में बढ़ती खाई और चुनाव में बढ़ते खर्च जैसे मुद्दों पर आमजनों से चर्चा करेंगी।
उमा भारती अपने इस गैर राजनीतिक अभियान के जरिए आमजनों से सीधे संपर्क स्थापित करना चाहती है ताकि किसानों सहित अन्य वगरें की समस्याओं को जान सकें। इस अभियान के बाद ही वह सक्रियता से राजनीति गतिविधियों में शामिल होने की योजना बनाएंगी।
उमा ने इस दौरान अपने गैर राजनीतिक अभियान की तो खूब चर्चा की मगर अपनी भावी राजनीति पर चर्चा करने के लिए तैयार नहीं हुई। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर भाजपा की राजनीति से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब देना मुनासिब नहीं समझा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications