पश्चिम बंगाल में नक्सलियों ने 2 को गोली मारी
पुलिस ने शनिवार को बताया कि नक्सलियों ने पश्चिमी मिदनापुर जिले के चोतोपेलिया गांव में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी।
पश्चिमी मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा ने बताया, "मारे गए दोनों व्यक्ति माकपा के कार्यकर्ता हैं।"
वहीं, रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात पुरुलिया स्टेशन को विस्फोट से उड़ाने की नक्सलियों की कोशिश को रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने असफल कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों ने विस्फोटकों से भरे बैग को एक प्लेटफार्म पर छोड़ दिया था। बम विशेषज्ञों ने शनिवार सुबह बम को निष्क्रिय किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमें यकीन है कि यह काम नक्सलियों का है। बैग से एक नक्सली पोस्टर बरामद हुआ है। वे स्टेशन को उड़ाना चाहते थे।"
विस्फोटक बरामद होने के बाद दक्षिण पूर्वी रेलवे के अद्रा पुरुलिया खंड पर रेलगाड़ी सेवाएं प्रभावित हुईं।
वहीं, एक दूसरी घटना में शनिवार सुबह पश्चिमी मिदनापुर जिले के झारग्राम इलाके में गोला बारूद के साथ पुलिस ने नक्सली दस्ते के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया।
झारग्राम पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने बताया, "नक्सली दस्ते के चार सदस्यों को गोला बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications