करुणानिधि से मिले राजा (लीड-1)
स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में आलोचनाओं से घिरे राजा की करुणानिधि से हुई इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा था कि यदि राजा दोषी पाए जाते हैं तो पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
ज्ञात हो कि सीबीआई बुधवार को राजा के नई दिल्ली और तमिलनाडु के पेरामबलूर स्थित उनके आवासों पर छापे मार चुकी है। जांच एजेंसी राजा से पूछताछ भी करने वाली है।
इससे पहले नई दिल्ली से शुक्रवार देर रात यहां पहुंचे राजा ने पत्रकारों से कहा, "मैं सीबीआई के साथ सहयोग करूंगा और प्रक्रियाओं का पालन करूंगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है।"
सीबीआई ने राजा के अलावा उनके पूर्व निजी सचिव आर. के. चंदौलिया, पूर्व दूरसंचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरिया, दूरसंचार विभाग के उप महानिदेशक ए. के. श्रीवास्तव और एक अन्य दूरसंचार अधिकारी के. श्रीधर के घरों पर भी छापेमारी की थी।
मामले की सुनवाई कर रहे सर्वोच्च न्यायालय ने अब तक राजा से पूछताछ न करने पर सीबीआई को पहले ही फटकार लगा चुकी है।
राजा पर 2जी स्पेक्ट्रम के आवंटन लिए सार्वजनिक नीलामी की जगह 'पहले आओ, पहले पाओ' की प्रक्रिया अपनाने का आरोप है, जिसके कारण नियंत्रक और महालेखा परीक्षक के मुताबिक सरकार को 1.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इस मामले में राजा को मंत्री पद भी छोड़ना पड़ा।
पिछले 10 नवंबर से इस मामले के कारण संसद की कार्यवाही बाधित है। विपक्षी मामले की जांच संसदीय समिति से कराए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications