आडवाणी ने उमा की घर वापसी के संकेत दिए
आडवाणी ने अपने ब्लॉग पर किए ताजा पोस्ट में लिखा है, "वर्ष 2004 में हमारे लोकसभा चुनाव हारने की मुख्य वजह अति आत्मविश्वास और आत्ममुगधता रही। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के छह साल के कार्यकाल के दौरान हमारा सांगठनिक ढांचा भी कमजोर हुआ। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में हमें वर्ष 2004 की तरह 2009 में भी शिकस्त खानी पड़ी थी।"
उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी ने अध्यक्ष बनने के बाद कहा था कि पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उन नेताओं के प्रति खेद जताया था, जिन्होंने बाद में अलग रास्ते अख्तियार कर लिए थे।
आडवाणी ने बताया, "भाजपा अध्यक्ष ने मुझसे कहा कि किनारा करने वाले नेताओं में खासकर जसवंत सिंह और उमा भारती को पार्टी में वापस लाना होगा। मैंने जसवंत सिंह से बात की और वह पार्टी में लौट चुके हैं तथा उतनी ही सक्रियता से काम कर रहे हैं, जितने सक्रिय वह पहले हुआ करते थे।"
उन्होंने आगे लिखा, "गडकरी ने खुद उमा भारती से बातचीत की। इसके बाद मेरी उमा से बात हुई। उमा ने मेरी सलाह को स्वीकार किया और इस बात पर सहमत हुई कि वह उत्तर प्रदेश इकाई को मजबूत करने पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगी।"
आडवाणी के मुताबिक उमा भारती ने उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर की। उल्लेखनीय है कि उमा की भाजपा में वापसी को लेकर लम्बे समय से अटकलें लगाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई और केंद्र के कुछ वरिष्ठ नेताओं के विरोध के चलते उमा की भाजपा में वापसी अब तक परवान नहीं चढ़ पाई है।
इंडो- एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications