अपनी बेगुनाही साबित करूंगा : राजा
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि से मिलने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मैं सीबीआई के साथ सहयोग करूंगा और प्रक्रियाओं का पालन करूंगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है।"
बुधवार को सीबीआई ने नई दिल्ली और पेरांबलुर में राजा के आवासों पर छापेमारी की थी। सीबीआई राजा से इस मामले में पूछताछ भी कर सकती है।
सीबीआई ने राजा के अलावा उनके पूर्व निजी सचिव आर. के. चंदौलिया, पूर्व दूरसंचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरिया, दूरसंचार विभाग के उप महानिदेशक ए. के. श्रीवास्तव और एक अन्य दूरसंचार अधिकारी के. श्रीधर के घरों पर भी छापेमारी की गई थी।
पूर्व मंत्री का भरपूर समर्थन कर रहे करुणानिधि ने बुधवार को कहा था कि यदि राजा दोषी पाए गए, तो पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
गौरतलब है कि मामले की सुनवाई कर रहे सर्वोच्च न्यायालय ने तब तक राजा से पूछताछ न करने के लिए सीबीआई को फटकार लगाई थी।
राजा पर 2जी स्पेक्ट्रम के आवंटन लिए सार्वजनिक नीलामी की जगह 'पहले आओ, पहले पाओ' की प्रक्रिया अपनाने का आरोप है, जिसके कारण नियंत्रक और महालेखा परीक्षक के मुताबिक सरकार को 1.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इस मामले में राजा को मंत्री पद भी छोड़ना पड़ा।
पिछले 10 नवंबर से इस मामले के कारण संसद की कार्यवाही बाधित है। विपक्षी मामले की जांच संसदीय समिति से कराए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications