सेंसेक्स 2.29 प्रतिशत गिरा, मिडकैप, स्मॉलकैप में रही बिकवाली (साप्ताहिक समीक्षा)
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 458.04 अंक (2.29 प्रतिशत) गिरकर 19,508.99 अंक पर पहुंच गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी 2.26 प्रतिशत गिरकर 5,857.35 अंक पर बंद हुआ।
वहीं बीएसई मिडकैप सूचकांक 6.05 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक 9.21 अंक की भारी गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स में इस सप्ताह एसीसी (6.8 प्रतिशत), विप्रो (6.2 प्रतिशत), एनटीपीसी (4.2 प्रतिशत) और जिंदल स्टील एण्ड पावर (3.4 प्रतिशत) बढ़कर बंद हुए।
वहीं एसबीआई (-11.5 प्रतिशत), रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर (-11.2 प्रतिशत), डीएलएफ (-10.9 प्रतिशत) और रिलायंस कम्युनिकेशन (-10.8 प्रतिशत) सेंसेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज करने वाले शेयर रहे।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 70.28 करोड़ डॉलर की शुद्ध बिकवाली की।
वहीं वैश्विक बाजारों में इस सप्ताह मजबूती दर्ज की गई।
चीन के केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दरों में वृद्धि की आशंका के चलते एशियाई बाजारों में इस सप्ताह उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
जापान का निक्केई सूचकांक 0.33 प्रतिशत हल्की बढ़त के साथ 10,211.95 अंक पर बंद हुआ।
चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक बिना किसी बदलाव के 2,841.04 अंक पर बंद हुआ और हांग-कांग का हेंग सेंग 0.68 प्रतिशत गिरकर 23,162.91 अंक पर बंद हुआ।
यूरोप में ऋण संकट पर चिंताएं घटने के कारण शेयर बाजारों में हल्की वृद्धि दर्ज की गई।
एफटीएसई 100 सूचकांक 1.18 प्रतिशत बढ़कर 5,812.95 अंक पर, जर्मनी का डैक्स 0.84 प्रतिशत बढ़कर 7,006.17 अंक पर और फ्रांस का सीएसी 40 सूचकांक 2.85 प्रतिशत बढ़कर 3,857.35 अंक पर बंद हुआ।
अमेरिकी औद्योगिक सूचकांक डाउ जोंस इस सप्ताह 0.25 प्रतिशत बढ़कर 11,410.32 अंक पर बंद हुआ। एस एण्ड पी 500 सूचकांक 1.28 प्रतिशत बढ़कर 1,240.4 अंक पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications