वाराणसी विस्फोट में घायल महिला ने दम तोड़ा (लीड-1)
पुलिस विस्फोट में इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों की पहचान के लिए फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
वारणसी के पुलिस महानिरीक्षक आर. पी. सिंह ने बताया, "करीब 40 साल आयु की फूलमणि नाम की महिला की बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में इलाज के दौरान मौत हो गई।"
बीएचयू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "महिला को सिर में गंभीर चोट लगी थी। उन्हें गिरने के कारण या पत्थर टकराने से सिर पर चोट आई थी।"
इस विस्फोट में स्वास्तिका शर्मा नाम की एक बच्ची की भी मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
दूसरी ओर पुलिस अब तक शीतला घाट पर गंगा आरती के दौरान हुए इस विस्फोट में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की पहचान नहीं कर पाई है।
इस मामले की जांच कर रहे आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के लिए फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट काफी मददगार साबित हो सकती है। घटना स्थल से कोई रिमोट कंट्रोल उपकरण, इलेक्ट्रानिक सर्किट या छर्रे बरामद नहीं हुए हैं।
वाराणसी के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "किस तरह के विस्फोटक और इसके लिए किस तरह के ट्रिगर का इस्तेमाल किया गया यह हमारे लिए अभी तक पहेली बना हुआ है।"
उन्होंने कहा, "जब तक इन दो सवालों का जवाब नहीं मिल जाता तब तक हम किसी भी आतंकी संगठन से इस विस्फोट के सम्बंध बता पाने में सक्षम नहीं होंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications