फर्जी विकिलीक्स खुलासों से पाकिस्तानी मीडिया शर्मिदा
इस्लामाबाद, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। फर्जी विकिलीक्स रिपोर्ट के आधार पर भारत के सम्बंध में खबर प्रकाशित होने के बाद पाकिस्तानी मीडिया ने शुक्रवार को काफी शर्मिदगी झेली और लोगों से माफी की पेशकश की।
मीडिया ने गुरुवार को खबर प्रकाशित की थी कि भारत, पाकिस्तान के कबाइली इलाकों और अफगानिस्तान में 'पाकिस्तान विरोधी गतिविधियां' चला रहा है।
दुनिया टी.वी. ने शुक्रवार को कहा कि "एक समाचार एजेंसी द्वारा जारी रिपोर्ट में लगाया गया यह आरोप कि भारत स्थित अमेरिकी राजनयिक को बयान दिया गया है कि भारत पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों में संलिप्त है, झूठ पाया गया।"
दुनिया टी.वी. ने कहा, "इससे यह जाहिर होता है कि मीडिया का उपयोग अब दुष्प्रचार के लिए किया जाने लगा है।"
समाचार एजेंसी की खबर को गुरुवार को पाकिस्तान के अधिकांश प्रमुख अखबारों ने प्रमुखता दी। साथ ही भारत स्थित अमेरिकी राजदूत को यह कहते हुए बताया गया कि 'भारत 2004 में पाकिस्तान के साथ युद्ध के लिए तैयार था।'
यह भी कहा गया, "भारत, अफगानिस्तान की सीमा से लगते पाकिस्तान के कबाइली क्षेत्र में पाकिस्तान विरोधी गतिविधियां चला रहा है।"
साप्ताहिक समीक्षा के दौरान प्रवक्ता से नवीनतम खुलासों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रतिक्रिया में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने यह प्रचारित किया कि "कबाइली इलाकों और अफगानिस्तान को भारतीय गतिविधियों को लेकर पहले ही सतर्क कर दिया गया है।"
अमेरिकी विदेश विभाग ने हालांकि इसका खंडन किया कि बातचीत के अंश ने समूचे प्रकरण को नया मोड़ दिया है।
पाकिस्तान पत्रकार संघ के अध्यक्ष परवेज शौकत ने कहा, "हम पाठकों के प्रति जिम्मेदारी को लेकर सचेत रहते हैं। मीडिया का उपयोग निहित स्वार्थ साधने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।" वहीं उर्दू दैनिक खबराईन ने कहा है, "दुर्भावनावश ऐसी खबर प्रकाशित कराना अनुचित है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications