उत्तर भारत में बढ़ने लगी है सर्दी (राउंडअप)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चण्डीगढ़ और जम्मू एवं कश्मीर में जहां सर्दी बढ़ती जा रही है वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार में उम्मीद के मुताबिक ठंडी महसूस नहीं की जा रही है। उधर, दक्षिण में आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बारिश जारी है।

जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को कड़ाके की सर्दी रही यहां तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में भी ठंड का जबरदस्त असर है।

स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग के सहायक निदेशक एल. के.पंडिता ने बताया, "श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि लद्दाख क्षेत्र के लेह और कारगिल में क्रमश: शून्य से 15 डिग्री और 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"

उधर, हिमाचल प्रदेश में सर्दी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार लाहौल एवं स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने एक बयान में बताया कि किन्नौर जिले के काल्पा में तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कुल्लू जिले के भुंतर में 1.2 डिग्री रहा। वहीं कांगड़ा जिले के धर्मशाला में तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में मामूली गिरावट के साथ तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार को 3.9 डिग्री था। मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबादी या हल्की बर्फ गिर सकती है।

राजस्थान में भी सर्दी का असर महसूस किया जा रहा है। माउंट आबू में तापमान लुढ़कर शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "राज्य में पहले से ही तापमान सामान्य से दो तीन डिग्री नीचे बना हुआ है।"

दिल्ली में शुक्रवार तड़के न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय लिए औसत है।

राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाली जायति सिंह ने कहा, "सुबह जब मैं अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थी उस बेहद ठंड लग रही थी लेकिन यह दिन खरीदारी और घूमने के लिहाज से अच्छा है।"

हरियाणा के हिसार शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस क्षेत्र में सबसे कम था। पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के अधिकतर इलाकों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा।

चण्डीगढ़ में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पिछले दो दिनों में तापमान में तेजी से गिरावट आई है। हमें कुछ जगहों पर हल्की बारिश की उम्मीद है। इसकी वजह से आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है।"

बिहार में अभी सर्दी का पूरी तरह से असर नहीं देखा जा रहा है। पिछले कई दिनों से कोहरा छाया हुआ है। इसकी वजह से तापमान में कोई खास कमी नहीं आई है। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

पटना में मौसम विभाग के अधिकारी सी. एस. पाटील ने बताया,"रविवार से ठंडक महसूस की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में भी कमी आने लगी है और लोगों को हल्दी सर्दी लगनी शुरू हो गई है।"

इन राज्यों के उलट उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में दिसम्बर में भी ठंड का असर महसूस नहीं हो रहा है। आमतौर पर राज्य में इस महीने में सर्दी बढ़ जाती है और सुबह व रात के समय कोहरा रहता है। लखनऊ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा था।

उधर आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हो रही लगातार बारिश के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। हैदराबाद में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान और बारिश की संभावना जताई है।

तमिलनाडु के कन्याकुमारी और नागरकोली में शुक्रवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने 12 दिसम्बर तक मध्यम वर्षा के आसार जताए हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+