अमेरिका ने मीरा की तलाशी पर खेद प्रकट किया
वाशिंगटन, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में भारत की राजदूत की एक हवाई अड्डे पर तलाशी लिए जाने को लेकर मचे शोरशराबे के बाद अमेरिका ने राजदूत से सम्पर्क किया और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर सम्भव प्रयास करने का वादा किया।
अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने गुरुवार को कहा, "जाहिर तौर पर हम इस घटना से चिंतित हैं।"
ज्ञात हो कि मीरा को मिसिसिपी में एक हवाई अड्डे पर तलाशी के लिए सुरक्षा पंक्ति से बाहर कर लिया गया था। ऐसा मीरा द्वारा अधिकारियों को बताये जाने के बावजूद किया गया कि वह भारतीय राजदूत हैं। इस घटना पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की थी।
क्लिंटन ने नाइजीरियाई विदेश मंत्री के साथ विदेश विभाग में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं से कहा, "हम इस मामले की जांच करेंगे। और दोनों बातें सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि आखिर हुआ क्या था और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हम क्या कर सकते हैं।"
भारतीय दूतावास के प्रवक्ता वीरेंद्र पॉल ने इस बात की पुष्टि की है कि गत चार दिसम्बर को राजदूत मिसिसिपी स्टेट यूनिवर्सिटी में एक समारोह में हिस्सा लेने के बाद जब वाशिंगटन की उड़ान पकड़ने के लिए जैक्सन-एवर्स इंटरनेशनल हवाईअड्डे पर पहुंचीं तो उन्हें तलाशी के लिए सुरक्षा पंक्ति से अलग कर लिया गया।
पॉल ने कहा, "अमेरिकी विदेश विभाग ने राजदूत से सम्पर्क कर इस घटना पर खेद प्रकट किया है। दूतावास इस मुद्दे पर विदेश विभाग के सम्पर्क है।"
विदेश विभाग के प्रवक्ता पी.जे.क्राउले ने कहा कि गृह सुरक्षा विभाग ने संकेत दिया है कि वह राजदूत को दूसरी बार जांच के लिए रोके जाने के बारे में बात करने के लिए तैयार है, लेकिन इसके साथ ही क्राउले ने दोहराया कि राजनयिक जांच के दायरे से बाहर नहीं हैं।
क्राउले ने कहा, "वे प्राथमिक सुरक्षा के दायरे में आते हैं। लिहाजा हवाई अड्डे पर हर किसी को प्राथमिक जांच से गुजरना पड़ता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications