गृह मंत्रालय के अधिकारी से मिला पूर्वोत्तर का प्रतिनिधिमंडल
पूर्वोत्तर सहायता केंद्र एवं हेल्पलाइन की प्रवक्ता मधु चंद्रा ने बताया, "हम गृह मंत्री पी. चिदम्बरम से मुलाकात करना चाहते थे लेकिन वह पहले से निर्धारित प्रतिबद्धताओं के चलते व्यस्त थे। इसलिए हमने संयुक्त सचिव एम. गोपाल रेड्डी से मुलाकात की और उनके सामने शहर को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने की अपनी मांग रखी।"
चंद्रा ने बताया कि रेड्डी को दिए गए ज्ञापन में पुलिस बल के अधिक संवेदनशील होने और शहरभर में जागरूकता अभियान चलाने की पहले की मांगों के अलावा अन्य मांगे भी पेश की गई हैं।
उन्होंने कहा, "हमने महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न से निपटने के लिए त्वरित न्याय प्रणाली की मांग रखी है। हमने यह भी कहा है कि देशभर के लिए एक जैसा हेल्पलाइन नंबर होना चाहिए ताकि विभिन्न शहरों की यात्राएं करने वाली महिलाओं को मुसीबत में पड़ने पर नंबर खोजने की जद्दोजहद में न पड़ना पड़े।" उन्होंने कहा कि दिल्ली में हेल्पलाइन नंबर 1091 है जो वर्तमान में काम नहीं कर रहा है।
चंद्रा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि मंत्रालय खुद इस पर निगाह रखे कि दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा सम्बंधी प्रतिबद्धताएं पूरी कर रही हैं या नहीं।
गौरतलब है कि 23 नवंबर की रात मिजोरम की एक बीपीओकर्मी का अपहरण करने के बाद उसके साथ एक वाहन में सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। पुलिस ने मामले में सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications