उप्र में निर्माणाधीन सरकारी इमारत ढही, कामगार घायल
अम्बेडकर नगर, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले में शुक्रवार को राजकीय बीज विकास निगम की निर्माणाधीन इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढहने से कम से कम नौ कामगार गम्भीर रूप से घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर इलाके में स्थित उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के निर्माणाधीन भंडारण गृह का एक बड़ा हिस्सा शुक्रवार दोपहर उस समय भरभराकर गिर गया जब वहां करीब 20 कामगार काम कर रहे थे।
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि मलबे में दबे नौ कामगारों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुमार ने बताया कि दो कामगारों की हालत ज्यादा नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ के लिए स्थानांतरित किया गया है।
उन्होंने कहा कि मौके पर राहत व बचाव दल द्वारा मलबा हटाने का काम जारी है। अभी यह साफ नहीं हो सका है कि मलबे में और कामगार दबे हैं या नहीं।
जहां पुलिस इमारत ढहने के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बता पा रही है वहीं कामगारों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के कारण यह हादसा हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications