भारत को अगले सप्ताह मिलेगा पहला सुपर हरक्यूलिस विमान
वाशिंगटन, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत को छह सी-130 जे सुपर हरक्यूलिस मालवाहक विमानों के सौदे में से पहले विमान की औपचारिक आपूर्ति 16 दिसम्बर को जार्जिया के मैरेटा में एक समारोह के दौरान की जाएगी।
विमान निर्माता कम्पनी लॉकहीड मार्टिन ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका से एक अरब डॉलर के सौदे के तहत खरीदे गए इन विमानों में पहले दो विमान 2011 की शुरुआत में भारत पहुंचेंगे। वहीं गर्मियों की शुरुआत में दो अन्य विमानों की आपूर्ति की जाएगी और अंतिम दो विमान गर्मियों के बाद तक पहुंचाए जाएंगे।
कम्पनी ने कहा कि आपूर्ति से पहले तैयार हो चुके तीन विमानों की उड़ानों का परीक्षण किया जा रहा है। अन्य तीन विमानों के उत्पादन का काम भी अंतिम चरण में है।
सी-130 जे हरक्यूलस विमानों के अलावा हाल ही में अमेरिकी कम्पनी बोइंग से हुए 4.1 अरब डॉलर के सी-17 विमानों के सौदे के कारण भारत-अमेरिका रक्षा व्यापार बढ़कर दोगुना हो जाएगा।
अमेरिका के दक्षिण एशियाई मामलों के सहायक मंत्री राबर्ट ब्लैक ने कहा कि इन सौदों से भारतीय वायुसेना की मालवाहन और मानवीय प्रतिक्रिया क्षमता में काफी वृद्धि होगी। इस क्षमता से युक्त भारत अपने क्षेत्र में एकमात्र देश होगा जिससे उसे वैश्विक मामलों में अपनी भूमिका बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इन सभी विमानों की आपूर्ति के बाद भारत सी-17 विमानों के दूसरे सबसे बड़े बेड़े वाला देश हो जाएगा। ब्लैक ने कहा, "यह अमेरिका-भारत रक्षा साझेदारी की महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।"
लॉकहीड मार्टिन ने कहा, "छह सी 130 हरक्यूलिस विमानों से भारतीय सेना और वायुसेना को विशेष अभियान चलाने की क्षमता प्राप्त हो जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications