उप्र में भाई पर बहन की हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक बहन के अदालत में विवाह कर लेने से नाराज भाई ने गुरुवार रात उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ए. के. सिंह ने शुक्रवार को बताया कि शहर के बिच्छू पहाड़िया इलाके की कांशीराम कॉलोनी के ब्लाक नंबर 10 में रहने वाली शाहीन (25) के पति इमरान की मृत्यु हो चुकी थी। उसने दो दिन पहले ही शहर के भटीपुरा मुहल्ला निवासी निहाल उर्फ निम्मू से अदालत में विवाह कर लिया था। जब चंदला (मध्य प्रदेश) में रह रहे उसके भाई शफत उर्फ लाला को यह खबर मिली, तो वह गुरुवार की शाम अपनी बहन के आवास पर जा पहुंचा और उसने इस शादी का विरोध किया।
सिंह ने बताया कि भाई-बहन के बीच इसे लेकर काफी झगड़ा हुआ। लाला ने कथित तौर पर शाहीन को गोली मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका के तीन बच्चे फैजान (8), रमजान (6) और शाहिल (4) हैं।
शहर कोतवाल वीरेंद्र राय ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध शुक्रवार को हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications