उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर (लीड-1)
जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को कड़ाके की सर्दी रही यहां तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में भी ठंड का असर है।
स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग के सहायक निदेशक एल.के.पंडिता ने बताया, "श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि लद्दाख क्षेत्र के लेह और कारगिल में क्रमश: शून्य से 15 डिग्री और 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
उधर, हिमाचल प्रदेश में सर्दी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार लाहौल एवं स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने एक बयान में बताया कि किन्नौर जिले के काल्पा में तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कुल्लू जिले के भुंतर में 1.2 डिग्री रहा। वहीं कांगड़ा जिले के धर्मशाला में तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में मामूली गिरावट के साथ तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार को 3.9 डिग्री था। मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबादी या हल्की बर्फ गिर सकती है।
हरियाणा के हिसार शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस क्षेत्र में सबसे कम था। हरियाणा के अम्बाला, करनाल और गुड़गांव में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.4 डिग्री, 6.0 डिग्री तथा 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चण्डीगढ़ का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। पंजाब के अमृतसर का तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। पटियाला और लुधियाना का न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.1 डिग्री तथा 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, दिल्ली में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा लेकिन मौसम विभाग ने दिन में मौसम साफ होने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक शुक्रवार तड़के न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है जो वर्ष के इस समय के औसत तापमान से एक डिग्री नीचे है। अधिकतम आद्र्रता 97 और न्यूनतम आद्र्रता 45 फीसदी रही।
इन राज्यों के उलट उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में दिसम्बर में भी ठंड का असर महसूस नहीं हो रहा है। आमतौर पर राज्य में इस महीने में सर्दी बढ़ जाती है और सुबह तथा रात के समय कोहरा रहता है। लखनऊ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा था वहीं एक दिसम्बर को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications