उमर ने सेना के उत्तरी कमान प्रमुख से मुलाकात की
समझा जाता है कि यह मुलाकात आपसी मनमुटाव मिटाने के उद्देश्य से थी। यह जानकारी सूत्रों ने शुक्रवार को दी है।
जानकार सूत्रों ने कहा है कि अब्दुल्ला गुरुवार को ऊधमपुर स्थित उत्तरी कमान के मुख्यालय गए और कमान के जनरल आफिसर कमांडिंग इन चीफ, जसवाल के साथ रात्रि भोज में हिस्सा लिया।
सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जसवाल से स्पष्ट किया कि सेना के खिलाफ उनके मन में कुछ भी नहीं है।
सूत्रों ने कहा कि जसवाल ने भी अब्दुल्ला के साथ इसी तरह की भावना प्रकट की। इसके पहले जसवाल ने कमान के एक कनिष्ठ अधिकारी द्वारा अशिष्ट बयान जारी करने के लिए माफी मांगी थी।
लेकिन दोनों नेताओं के बीच रात्रि भोज के दौरान क्या बातें हुईं, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ज्ञात हो कि जसवाल ने दो दिसम्बर को अब्दुल्ला से उस बयान के लिए माफी मांगी थी, जिसमें उनकी तरफ से कहा गया था कि श्रीनगर में मुठभेड़ की घटना इसलिए घटी, क्योंकि राज्य सरकार शहर से सैनिकों की संख्या घटाने पर जोर देती रही है।
जसवाल ने अब्दुल्ला से यह भी स्पष्ट किया था कि सेना का यह बयान अनधिकृतरूप से कमान के जनसम्पर्क अधिकारी द्वारा श्रीनगर में हुई मुठभेड़ के एक दिन बाद जारी किया गया था। मुठभेड़ में तीन व्यक्ति मारे गए थे जिन्हें आतंकी बताया गया था।
जसवाल ने अब्दुल्ला से कहा था कि उक्त बयान से उत्तरी कमान का कुछ भी लेना-देना नहीं था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications