चीनी युवाओं में लोकप्रिय हैं बॉलीवुड नृत्य
हिंदी गीतों की लोकप्रियता को देखते हुए अब चीन के सरकारी रेडियो 'चाइना रेडियो इंटरनेशनल' की हिंदी सेवा ने चीन के युवाओं के लिए एक भारतीय नृत्य प्रतिस्पर्धा की घोषणा की है।
चीन स्थित भारतीय दूतावास और भारत-चीन मैत्री संघ के सहयोग से यह प्रतिस्पर्धा आयोजित की जा रही है।
रेडियो के पहले एशियाई केंद्र के निदेशक किन हांगझियांग ने वहां पहुंचे आईएएनएस संवाददाता को बताया, "इस प्रतिस्पर्धा के लिए कई लोगों ने नामांकन कराया है। चीन के लोगों के बीच भारतीय नृत्य खासकर बॉलीवुड की नृत्य शैली बेहद लोकप्रिय है।"
उन्होंने बताया कि प्रतियोगियों के भेजे हुए कई वीडियो रेडियो वेबसाइट पर जारी किए गए हैं और इन्हें मिलने वाली प्रतिक्रिया उत्साहजनक है।
उन्होंने कहा, "इस प्रतिस्पर्धा के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया बताती है कि चीन में भारतीय नृत्य व संगीत किस तरह से लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं।"
किन के मुताबिक प्रतिस्पर्धा के विजेता भारत यात्रा करेंगे।
उन्होंने कहा, "हम ऐसी अन्य गतिविधियां भी आयोजित करने की उम्मीद कर रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय लोग भी चीन की कला और संस्कृति के बारे में और अधिक जानने में रुचि रखते होंगे।"
बीजिंग में प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ की दो दिवसीय भारत यात्रा की तैयारियां चल रही हैं। इस बीच दोनों देशों के लोगों के बीच सम्पर्क बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
पीकिंग विश्वविद्यालय के भारतीय अध्ययन केंद्र के उप निदेशक झियांग झिंगकुई कहते हैं, "लोगों के बीच सम्पर्क सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। हमारी भारत में गहरी रुचि है। दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत एक जैसी ही है। चीन के ज्यादा से ज्यादा लोग भारत के विषय में जानना चाहते हैं।"
भारत यात्रा कर चुके विश्वविद्यालय के कई छात्रों ने आईएएनएस को बताया कि वे वहां से समृद्ध होकर लौटे हैं और भारतीय संस्कृति के सम्बंध में और अधिक जानने की इच्छा रखते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications