ओबामा ने की नियमित धूम्रपान से तौबा
वाशिंगटन, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने नियमित धूम्रपान की आदत छोड़ दी है। इसके लिए वह पिछले तीन वर्षो से लगातार कोशिश कर रहे थे। यही नहीं उनके प्रेस सचिव की बातों के आधार पर कहा जा सकता है कि उन्होंने धूम्रपान पूरी तरह से छोड़ दिया है।
रॉबर्ट गिब्स ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने पिछले करीब नौ महीनों में ओबामा के धूम्रपान करते नहीं देखा है।
ओबामा सरकार के धूम्रपान निरोधक अभियान के तहत तम्बाकू के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नुकसानदेह प्रभावों पर एक रिपोर्ट जारी होने के बाद यह कदम उठाया है।
गिब्स ने कहा कि धूम्रपान ऐसी आदत नहीं है जिस पर ओबामा गर्व करें। वह इसके दुष्परिणामों को जानते हैं और चाहते हैं कि बच्चों को उनकी इस लत की खबर न हो।
इस साल फरवरी में ओबामा की सालाना स्वास्थ्य जांच में भी डॉक्टर ने कहा था कि वह धूम्रपान से दूर रहने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
पिछले ग्रीष्म में बच्चों को धूम्रपान के नुकसान से बचाने के लिए बनाए गए तम्बाकू निरोधक कानून पर हस्ताक्षर करते वक्त भी उन्होंने कहा था कि वे रोजाना धूम्रपान करने वालों की जमात से बाहर हो गए हैं।
गिब्स ने कहा कि उन्हें लगता है कि ओबामा धूम्रपान के खतरे को समझते हैं और उन्हें लगता है कि उन्होंने अपनी इस लत से छुटकारे के लिए काफी जद्दोजहद की है।
गिब्स कहते हैं कि ओबामा अपनी धुन के पक्के हैं और वह जो ठान लेते हैं उसे करके ही रहते हैं, इसीलिए वह धूम्रपान से छुटकारा पा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications