राजदूत की तलाशी के मुद्दे पर अमेरिकी दूतावास से बात होगी : राव
राव से जब अमेरिका में मीरा की तलाशी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने संवाददाताओं को बताया, "हम निश्चितरूप से अमेरिकी दूतावास से इस मुद्दे पर बात करेंगे। पूर्व में घटी इस तरह की घटनाओं के सम्बंध में हम पहले से दूतावास के सम्पर्क में हैं, लेकिन अभी खासतौर से इस मुद्दे पर बात नहीं हुई है। हमारे बीच बातचीत जारी है।"
सार्वजनिक कूटनीति पर यहां आयोजित एक संगोष्ठी के इतर मौके पर राव ने कहा, "हमने भारतीय दूतावास से रिपोर्ट मांगी है। अभी हमें रिपोर्ट नहीं मिल पाई है।"
जब राव को यह बताया गया कि अमेरिकी अधिकारियों ने तो साफ कह दिया है कि राजनयिकों को तलाशी से छूट नहीं है, तो भी उन्होंने कहा, "हम अभी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।"
ज्ञात हो कि चार दिसम्बर को मीरा को जैक्सन-एवर्स इंटरनेशनल हवाईअड्डे पर गहन तलाशी से गुजरना पड़ा था। मीरा मिसिसिपी स्टेट युनिवर्सिटी में एक समारोह में हिस्सा लेकर वाशिंगटन के लिए उड़ान पकड़ने वाली थीं। पिछले तीन महीनों के दौरान यह दूसरा वाकया है, जब राजदूत को इस तरह की जांच से गुजरना पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications