दोषी पाए जाने पर द्रमुक करेगा राजा पर कार्रवाई : करुणानिधि
करुणानिधि ने यहां सवाददाताओं से कहा, "राजा यदि दोषी पाए गए तो हम उन पर कार्रवाई करने में हिचकिचाएंगे नहीं। जब तक वह दोष साबित नहीं हो जाते, तब तक हम कोई कदम नहीं उठाएंगे।"
राजा के आवासों पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की छापेमारी के बारे में पूछे जाने पर डीएमके प्रमुख ने कहा कि यह न तो कोई बड़ा मुद्दा है और न ही तौहीन।
विपक्ष द्वारा 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच संयुक्त संसदीय जांच समिति (जेपीसी) से कराए जाने की मांग पर करुणानिधि ने कहा कि जेपीसी जांच पूर्व सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की भी होनी चाहिए।
ज्ञात हो कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में आरोप लगने पर राजा को पिछले महीने इस्तीफा देने के लिए बाध्य होना पड़ा था। सीएजी ने कहा है कि इस घोटाले से देश को 58,000 करोड़ से 1.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
उन पर आरोप है कि उन्होंने तत्कालीन बाजार दर से कम दर पर स्पेक्ट्रम लाइसेंस का आवंटन किया था।
उल्लेखनीय है कि स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की जांच (जेपीसी) से कराए जाने की मांग ठुकराए जाने पर विपक्ष के हंगामे के कारण 10 नवम्बर से ही संसद में गतिरोध बना हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications