नेपाल में भारतीय सीमा रक्षक को जिंदा जलाने की कोशिश
काठमांडू, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के एक दक्षिणी गांव में ग्रामीणों और गश्त कर रहे भारतीय सीमा सुरक्षा दल के साथ हुई झड़प के दौरान गुरुवार को एक सीमा रक्षक को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया।
सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) का जवान सुरेंद्र कुमार चौधरी जिंदा जलने से बाल-बाल बचा। नेपाल के सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर उसे बचा लिया।
यह घटना प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल के गृह जिले रौताहाट के गांव टिकोलिया में हुई।
पुलिस अधीक्षक पीताम्बर अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि झड़प तब शुरू हुई, जब भारतीय सीमा सुरक्षा गश्ती दल के चार जवानों ने खाद तस्करों की तलाश में नेपाल की सीमा में प्रवेश किया।
अधिकारी ने बताया कि वे भगोडे की तलाश में नेपाली गांव में घुसे और उन्होंने एक महिला सहित दो ग्रामीणों की पिटाई कर दी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि भारतीय रक्षकों ने भारत से लौटे एक युवक को गलत तरीके से टोका और उस पर रासायनिक खाद की तस्करी का आरोप लगाया।
निजी टेलीविजन चैनल 'सागरमाथा' की खबर के अनुसार ग्रामीणों ने भारतीय रक्षकों को घेर लिया और उनमें से एक सुरेंद्र चौधरी को जिंदा जलाने का प्रयास किया।
अधिकारी ने कहा कि उन्होंने इस घटना पर भारतीय गश्ती दल के कमांडर से बातचीत की है। नेपाली सीमा में प्रवेश करने की औपचारिक शिकायत दर्ज होने के बाद बंधक बने भारतीय जवानों को भारतीय अधिकारियों के हवाले कर दिया जाएगा।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications