वाराणसी विस्फोट में अब तक कोई सुराग नहीं, फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार : बृजलाल
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने गुरुवार शाम को संवाददाताओं से कहा कि पुलिस घटनास्थल से मिले अवशेषों की फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जो शुक्रवार शाम तक आने की संभावना है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि किस तरह के विस्फोटकों का प्रयोग किया गया था।
उन्होंने जोर दिया कि अभी तक विस्फोट के संबंध में न तो किसी की गिरफ्तारी हुई है और न ही कोई हिरासत में लिया गया है। बृजलाल ने कहा कि मामले की जांच कर रहे आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के लिए फोरेंसिक रिपोर्ट काफी अहम होगी।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि धमाके में प्रयुक्त विस्फोट और उसे करने के तंत्र के बारे में पता लगने के बाद ही हम आतंकी संगठनों की संलिप्तता के बारे में ठोस तौर पर कुछ कह सकेंगे।
वाराणसी पुलिस के सूत्रों के मुताबिक एटीएस ने धमाके के संबंध में दो-तीन मजदूरों से पूछताछ की है, जो घाट पर हुए निर्माण कार्य में शामिल थे। हालांकि पूछताछ के बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
मालूम हो कि मंगलवार शाम को शीतला घाट पर हुए विस्फोट में एक बच्ची की मौत हो गई थी जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गये थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications