2जी जांच 2001 से कराने का स्वागत, पर चाहिए जेपीसी : भाजपा (लीड-1)
नई दिल्ली, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले की जांच 2001 से कराने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत है, लेकिन पार्टी अगले वर्ष बजट सत्र में भी इस घोटाले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाए रखेगी।
भाजपा नेता एस.एस. अहलूवालिया ने यहां संवाददाताओं से कहा, "स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने कल (बुधवार) सीमा बढ़ाते हुए 2001 में लिए गए फैसले की अवधि से ही जांच कराने का निर्देश दिया है। इसका हम स्वागत करते हैं।"
उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के इस निर्देश के बावजूद विपक्ष जेपीसी की मांग उठाता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि स्पेक्ट्रम आवंटन मामले की जेपीसी से जांच कराने की मांग पर अड़े विपक्ष के हंगामे के कारण नौ नवम्बर से शुरू संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही गुरुवार को 20वें भी स्थगित रही। इस सत्र में अब दो ही कार्य दिवस बचे हैं।
संसद की कार्यवाही 20वें दिन भी स्थगित होने पर पार्टी ने सुझाव दिया कि सत्र को 15 दिन और बढ़ाया जाए, ताकि लंबित विधायी कार्य पूरे हो सकें।
पार्टी का सुझाव सामने रखते हुए भाजपा नेता एस.एस. अहलूवालिया ने कहा, "हम लंबित विधायी कार्यो को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय देने को तैयार हैं।"
अहलूवालिया ने कहा कि भाजपा 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच जेपीसी से कराने की मांग को लेकर लोगों के बीच जाएगी।
उन्होंने कहा, "सरकार ने मांग मानने में काफी देर कर दी है, संसद का शीतकालीन सत्र खत्म होने में अब केवल दो ही कार्य दिवस बचे हैं। फिर भी यदि मांग मान ली जाए तो इसे देर नहीं कहा जाएगा।"
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के सदस्यों का यह मानना है कि 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच में लोक लेखा समिति (पीएसी), जेपीसी की राह में बाधा नहीं बनेगी।
मीडियाकर्मियों के सवाल का जवाब देते हुए अहलूवालिया ने कहा, "यह सच है कि कुछ सदस्य कह रहे हैं कि पीएसी को जेपीसी की राह में नहीं आना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि पीएसी 2जी स्पेक्ट्रम मामले में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट का अध्ययन कर रही है। पीएसी का नेतृत्व भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी कर रहे हैं।
अहलूवालिया ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उसे 'जोशी में अचानक नैतिक गुण दिखने लगा है।'
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications