'कनिष्क हादसे की जांच समिति के प्रमुख को मिले पद्मश्री'
कनाडा के पूर्व मुख्य न्यायधीश जॉन मेजर को 25 साल पहले हुए एयर इंडिया कनिष्क विमान हादसे की जांच सौंपी गई थी। इस हादसे में विमान में सवार सभी 329 यात्रियों की मौत हो गई थी।
जॉन द्वारा जून में सौंपी गई अपनी जांच रिपोर्ट में भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए कनाडा की सुरक्षा व्यवस्था में बड़े पैमाने पर बदलाव करने की सिफारिश की गई है।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील को लिखे एक पत्र में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की कैलीफोर्निया इकाई ने कहा है कि कनिष्क विमान हादसे के 16 पीड़ित परिवारों के सदस्य कैलीफोर्निया में रह रहे हैं और उन्होंने कनाडा के न्यायधीश को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित करने का आग्रह किया है।
एक पत्र में कहा गया है, "25 वर्षो के लंबे अंतराल के बाद न्यायधिश जॉन मेजर ने एयर इंडिया कनिष्क विमान हादसे की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की बात कही गई है।"
पत्र में कहा गया है, "हम आप से पीड़ित परिवार के परिजनों की तरफ से अनुरोध करते हैं कि वर्ष 2011 के पद्मश्री सम्मान के लिए कनाडा के न्यायाधीश के नाम की सिफारिश करें।"
संस्था के अध्यक्ष विक्रम बाजवा ने आईएएनएस को बताया, "हमने न्यायमूर्ति जॉन मेजर का आभार जताया है और भारत के इस प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान के लिए उनके नाम की सिफारिश करने से पूर्व उनकी सहमति ली है।"
बाजवा ने कहा कि राष्ट्रपति के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी पत्र लिखकर न्यायमूर्ति मेजर को पद्मश्री से नवाजे जाने का अनुरोध किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications