जर्मनी में 2 संदिग्ध सिख आतंकवादी गिरफ्तार
बर्लिन, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। सिख आतंकवादी संगठन-खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेएफ) से कथित सम्बंध रखने वाले दो भारतीयों को जर्मनी में गिरफ्तार किया गया है। जर्मनी के संघीय अभियोजन पक्ष ने गुरुवार को कार्ल्सरूह में यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक दो भारतीयों 35 वर्षीय सुखप्रीत एस. और 41 वर्षीय जगतार एस. एम. को मंगलवार को हिरासत में लिया गया था। अगले दिन उन्हें न्यायाधीश के सामने पेश किया गया। न्यायाधीश ने दोनों को हिरासत में रखने के लिए कहा है।
अभियोजन पक्ष का कहना है कि दोनों की एक विदेशी आतंकवादी संगठन के सदस्य होने और हथियार रखने सम्बंधी कानूनों के उल्लंघन के सम्बंध में जांच हो रही है।
केजेएफ एक हिंसक संगठन है जो भारत में एक ऐसा स्वतंत्र राष्ट्र बनाना चाहता है जहां सिख धर्म के अनुयायी बहुसंख्यक हों। संगठन ने प्रस्तावित राष्ट्र के लिए 'खालिस्तान' नाम चुना है।
अभियोजन पक्ष का कहना है कि केजेएफ भारतीय राज्य पंजाब में विस्फोटकों, छोटे हथियारों और जाली नकदी की तस्करी करता है। यूरोप में रहने वाले इसके सदस्य संगठन के लिए संसाधन व धन इकट्ठा करने की कोशिश करते हैं।
दोनों संदिग्ध आतंकवादियों को फ्रेंकफर्ट और डसेलडोर्फ के नजदीक हिरासत में लिया गया।
एक वक्तव्य में कहा गया है कि सुखप्रीत पिछले साथ कथिततौर पर केजेएफ के लिए एक अर्ध-स्वचालित हथियार लाया था और जगतार इस साल कथिततौर पर एक और हथियार लाया था। इसके लिए उसे गोला बारूद की आपूर्ति के साथ 350 यूरो दिए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications