इलाज में चिकित्सा अनुसंधान का इस्तेमाल करें : स्वास्थ्य मंत्री
नई दिल्ली, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को भारतीय शोधकर्ताओं से कहा कि वे सिर्फ शैक्षणिक अभ्यास के तौर पर चिकित्सा अनुसंधान न करें बल्कि इसके परिणामों का मरीजों के इलाज में इस्तेमाल करें।
आजाद ने भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की बैठक में कहा, "कई वैज्ञानिक जैविक विज्ञानों की विभिन्न शाखाओं में अनुसंधान कर रहे हैं और उन्हें अच्छे परिणाम भी मिल रहे हैं। अक्सर हम देखते हैं कि इन अनुसंधानों के परिणामों का इलाज में इस्तेमाल नहीं होता है।"
उन्होंने कहा कि वह आईएमआर के वैज्ञानिकों से कहना चाहते हैं कि वे अपने अनुसंधानों का इलाज में इस्तेमाल करें क्योंकि अब देश को इन प्रौद्योगिकियों की आवश्यकता है और इसके लिए अनिश्चितकाल तक इंतजार नहीं किया जा सकता।
स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव वी.एम. कटोच का कहना है कि आईसीएमआर चिकनगुनिया, तपेदिक, कुष्ठ और कैंसर जैसी बीमारियों के लिए इलाज विकसित करने को कम से कम 50 परियोजनाओं पर काम कर रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की अनुसंधान शाखा आईसीएमआर ने इसी नवंबर में अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications