हरियाणा से बाहर होगी मिर्चपुर कांड की सुनवाई
नई दिल्ली, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। हरियाणा की भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार को झटका देते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने बुधवार को दलितों पर हमले के आरोपियों की सुनवाई हरियाणा से नई दिल्ली स्थानांतरित किया।
न्यायाधीश जी.एस. सिंघवी और ए.के. गांगुली की पीठ ने कहा कि स्वंतत्र एवं निष्पक्ष सुनवाई के लिए स्थानांतरण आवश्यक है।
न्यायालय ने मंगलवार को संकेत दिया था कि मिर्चपुर कांड मामले की सुनवाई हरियाणा के बाहर की जा सकती है। मिर्चपुर गांव के प्रभावशाली जाति के लोगों द्वारा दलितों पर हमला करने का आरोप है।
ज्ञात हो कि गांव में गत 21 अप्रैल को वाल्मीकि समुदाय के घरों पर हमला करने के बाद उन्हें जला दिया गया था। इस हमले में तारा चंद (70) और उनकी विकलांग पुत्री सुमन की मौत हो गई।
शीर्ष न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि हिसार के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश से मिली रिपोर्ट के मुताबिक मामले में गवाहों को मुकरने के लिए बाध्य किया जा रहा है और पीड़ित पक्ष के वकील भी असुरक्षित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications