राजा और सहयोगियों के घर पर छापे, अहम दस्तावेज जब्त (राउंडअप)

छापेमारी पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा के दिल्ली और तमिलनाडु स्थित आवासों तथा उनके निकटतम रिश्तेदारों एवं चार सहयोगियों के आवासों पर की गई।

दिनभर चलने वाली छोपेमारी शुरू होने के कुछ घंटे बाद सीबीआई के निदेशक ए.पी. सिंह ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले ए. राजा से जल्द ही पूछताछ की जा सकती है।

छापेमारी के दौरान सीबीआई ने सादिक बाशा की तस्वीर भी बरामद की जो राजा के विश्वस्त व्यक्ति और चेन्नई के नामी बिल्डर बताए गए हैं।

राजा के करीबी रिश्तेदारों तथा तमिलनाडु स्थित उनके सहयोगियों के आवासों के अलावा उनके पारिवारिक सदस्यों द्वारा संचालित न्यास के कार्यालय पर भी छापेमारी की गई।

राजा के पूर्व निजी सचिव आर. के. चंदौलिया, पूर्व दूरसंचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरिया, दूरसंचार आयोग के सदस्य के. श्रीधर और दूरसंचार विभाग के उप महानिदेशक ए. के. श्रीवास्तव के आवासों पर भी छापेमारी की गई।

सीबीआई की उप महानिरीक्षक विनीता ठाकुर ने शाम को संवाददाताओं से कहा, "छापेमारी के दौरान कुछ संवेदनशील दस्तावेज बरामद किए गए। तलाशी अभी जारी है।"

उन्होंने कहा कि सीबीआई ने 14 आवासों पर छापेमारी की, जिनमें से 12 नई दिल्ली और दो तमिलनाडु में हैं।

ठाकुर ने कहा, "सीबीआई से मिली जानकारी के मुताबिक दूरसंचार विभाग के कुछ अधिकारियों और निजी व्यक्तियों या कंपनियों के बीच आपराधिक षड्यंत्र रचा गया था।"

उन्होंने कहा कि षड्यंत्र का मकसद था "भारतीय दूरसंचार नियमन प्राधिकरण (ट्राई) की अनुशंसाओं के विपरीत आवेदनों की संख्या को निश्चित कर कम्पनियों को लाइसेंस बांटना था।"

ठाकुर ने कहा कि षड्यंत्रकारियों ने 2008 में ट्राई की सिफारिशों के विरुद्ध बिना कोई प्रतियोगी बोली लगाए 2001 की दरों पर 'पहले आओ पहले पाओ' के आधार पर निजी कंपनियों को लाइसेंस बांटे।

समझा जाता है कि सीबीआई अधिकारियों ने राजा के पैतृक शहर पैम्बालूर स्थित केनरा बैंक की शाखा का दौरा किया और वहां के अधिकारियों से पूछताछ की। त्रिची स्थित बैंक के अधिकरियों ने सीबीआई अधिकारियों के दौरे की न तो पुष्टि की और न ही इसका खंडन किया।

सीबीआई का दल राष्ट्रीय राजधानी में राजा के 2-ए मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर सुबह सात बजे पहुंचा। दल ने नई दिल्ली और राजा के गृह राज्य तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर छापेमारी की।

सीबीआई के चेन्नई स्थित कार्यालय के अधिकारियों ने आईएएनएस से कहा कि उन्हें छापे की कार्रवाई की जानकारी नहीं है। राजा के पैतृक शहर पैम्बालूर के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सीबीआई के अधिकारी सुबह से राजा के आवास पर छापेमारी की गई।

तमिलनाडु की प्रमुख विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) ने भी राजा को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत गिरफ्तार करने की मांग की है।

छापे की इस कार्रवाई को देर से उठाया गया कदम बताते हुए एआईएडीएमके सांसद वी. मैत्रेयन ने कहा कि पूर्व मंत्री को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

यह पूछे जाने पर कि सीबीआई की कार्रवाई का तमिलनाडु की राजनीति पर क्या प्रभाव पड़ सकता है, मैत्रेयन ने आईएएनएस से कहा, "मुझे उम्मीद है कि सीबीआई की कार्रवाई महज ढकोसला साबित नहीं होगी। हमें इंतजार करना चाहिए।"

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रकाश जावड़ेकर एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के गुरुदास दासगुप्ता सहित अन्य विपक्षी नेताओं ने उनकी ही बात दोहराई।

नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में राजा पर आरोप लगने के कारण उन्हें पिछले महीने इस्तीफा देने के लिए बाध्य होना पड़ा था। सीएजी ने कहा कि इस घोटाले से देश को 58,000 करोड़ से 1.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

राजा पर बाजार दरों से कम कीमत पर स्पेक्ट्रम आवंटित करने का आरोप है। इसके चलते देश को अरबों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

सरकार के 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की संयुक्त संसदीय समिति से जांच से इंकार किए जाने के विरोध में विपक्ष के हंगामे के कारण 10 नवम्बर से ही संसद में गतिरोध बना हुआ है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+