वाराणसी विस्फोट : उप्र सरकार का स्पष्ट सूचना मिलने से इंकार (लीड-2)
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने बुधवार को सचिवालय में एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री मायावती का बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को 26/11 के मुम्बई हमलों और छह दिसम्बर के सम्बंध में केवल सावधान रहने की सामान्य सूचना दी गई थी। राज्य सरकार को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।
सिंह ने कहा कि 25 फरवरी को केंद्र सरकार से मिले परामर्श में दशाश्वमेघ घाट का उल्लेख था, लेकिन वह परामर्श दशहरा के परिप्रेक्ष्य में था। उन्होंने कहा कि करीब एक साल पहले दी गई सूचना को क्रियान्यवन योग्य नहीं माना जा सकता।
मुख्यमंत्री मायावती के हवाले से कैबिनेट सचिव ने कहा कि विस्फोट के लिए उत्तर प्रदेश सरकार लापरवाह बताना गलत है।
सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर केंद्रीय सुरक्षा बलों की 125 कंपनियां देने की मांग की है। इन कंपनियों को राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों पर तैनात किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के बयान को पढ़ते हुए उन्होंने कहा कि विकास और सुरक्षा के मुद्दों पर केंद्र सरकार को राजनीति नहीं करनी चाहिए। इस तरह के हमले रोकने के लिए प्रदेशों की पुलिस को अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराने चाहिए।
राज्य सरकार की तरफ से विस्फोट में मृतक बच्ची के परिजन को एक लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications