वाराणसी विस्फोट में अभी कोई सुराग नहीं : बृजलाल (लीड-1)
लखनऊ, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। धार्मिक नगरी वाराणसी के दशाश्वमेघ घाट से लगे शीतला घाट पर मंगलवार शाम को हुए विस्फोट की अब तक की जांच में किसी आतंकी संगठन की संलिप्तता उजागर नहीं हुई है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) बृजलाल ने यहां पत्रकारों को बताया, "अभी तक की जांच में किसी आतंकी संगठन, माड्यूल या किसी व्यक्ति का नाम सामने नहीं आया है।"
पुलिस अधिकारी ने कहा कि विस्फोट के सम्बंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि विस्फोट के सिलिसिले में न तो किसी की गिरफ्तारी हुई है और न ही किसी को हिरासत में लिया गया है।
बृजलाल ने कहा कि घटना की जांच में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) को लगाया गया है। अभी तक मामले की जांच जिला पुलिस कर रही थी।
विस्फोट की प्रकृति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जांच टीम को विस्फोट की जगह से न तो कोई छर्रा, सर्किट, बैटरी और न ही कोई ऐसा उपकरण मिला है, जिससे विस्फोट की प्रकृति के बारे में पता चले।
लाल ने बताया कि जो भी अवशेष घटनास्थल से मिले हैं, उनकी जांच फोरेंसिक के विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है। रासायनिक परीक्षण (केमिकल एनालिसिस) के बाद ही विस्फोट की प्रकृति के बारे में पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि कुल 31 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। विस्फोट में एक वर्ष ग्यारह महीने की एक बच्ची की मौत हुई, जबिक 36 लोग घायल हुए। कई लोग धमाके के बाद पत्थर के टुकड़े लगने से घायल हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications