वाराणसी विस्फोट : उप्र सरकार का पूर्व जानकारी से इंकार (लीड-1)
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने बुधवार को सचिवालय में एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री मायावती का बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को 26/11 और छह दिसम्बर के सम्बंध में केवल सावधान रहने की सामान्य सूचना दी गई थी, इस सूचना में किसी तरह की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।
सिंह ने कहा कि गत 25 फरवरी को केंद्र सरकार से मिले परामर्श में दशाश्वमेघ घाट का उल्लेख था, लेकिन वह परामर्श दशहरा के परिप्रेक्ष्य में था। उन्होंने कहा कि करीब एक साल पहले दी गई सूचना को क्रियान्यवन योग्य नहीं माना जा सकता।
कैबिनेट सचिव ने मुख्यमंत्री मायावती के हवाले से कहा कि विस्फोट के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को लापरवाह बताना गलत है। केंद्र ने राज्य को पर्याप्त सुरक्षा साधन उपलब्ध नहीं कराए हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री मायावती का बयान पढ़ते हुए कहा कि विकास और सुरक्षा के मुद्दों पर केंद्र सरकार को राजनीति नहीं करनी चाहिए और इस तरह के हमले रोकने के लिए प्रदेशों की पुलिस को अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराने चाहिए।
उन्होंने कहा कि आतंकवादी हमलों की रोकथाम की जिम्मेदारी राज्य सरकारों पर नहीं छोड़ी जा सकती। जब तक केंद्र सरकार खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान में राज्य सरकारों के साथ समन्वय स्थापित नहीं करती तब तक इस तरह के हमलों को नहीं रोका जा सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications