आतंक पर भारी काशीवासियों का जज्बा
आतंकी हमले से बेपरवाह श्रद्धालुओं ने बुधवार सुबह गंगा के घाटों पर स्नान करके पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं में विदेशी भी शामिल थे। घाटों पर 'हर हर गंगे' और 'जय गंगा मैया' के स्वर सुनाई दे रहे थे। घाटों का यह नजारा रोज की तरह ही था।
शीतला घाट के अलावा वाराणसी के बाकी सभी गंगा घाटों पर रोज की तरह श्रद्धालु जमा हुए। मंगलवार शाम शीतला घाट पर ही धमाका हुआ था। सभी घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले।
अस्सी घाट के पुजारी, मोहन देवी प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि काशी के लोगों का यह जज्बा राष्ट्र विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब है, जो हमें ऐसे हमले करके भयभीत करना चाहते हैं। घाटों पर तड़के चार बजे से ही स्नान, पूजा-पाठ और आरती शुरू हो गई थी।
गंगा घाट स्थित प्रयाग मंदिर के पुजारी मोहन प्रकाश ने संवादादताओं से कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सुबह आरती में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि वाराणसी के लोग आतंक फैलाने वालों को संदेश देना चाहते हैं कि वे अपने नापाक मंसूबों में कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे।
ज्ञात हो कि शीतला घाट पर मंगलवार शाम गंगा आरती के दौरान हुए बम धमाके में दो साल की बच्ची की मौत हो गई थी, जबकि 25 घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications