आंध्र में बारिश से टीआरएस की रैली टली
पृथक तेलंगाना राज्य के गठन पर केंद्र सरकार की घोषणा का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर पार्टी गुरुवार को वारंगल में 'महा गर्जना' रैली का आयोजन करने वाली थी।
एक पार्टी पदाधिकारी ने बताया कि अब 16 दिसम्बर को रैली आयोजित की जाएगी। टीआरएस को तेलंगाना मसले पर केंद्र सरकार द्वारा गठित श्रीकृष्ण समिति के रिपोर्ट सौंपे जाने से पहले ही आयोजित इस रैली में करीब 25 लाख लोगों के एकत्रित होने की उम्मीद थी। यह रिपोर्ट 31 दिसम्बर तक केंद्र सरकार को सौंपी जानी है।
राज्य में मंगलवार से जारी भारी बारिश के कारण रैली के लिए किए गए प्रबंध बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। रैली के आयोजन स्थल हनामकोंडा में 1,000 एकड़ क्षेत्र में कीचड़ हो गया है।
टीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि यह रैली केंद्र सरकार के लिए एक चेतावनी होती।
गौरतलब है कि पिछले साल नौ दिसम्बर को राव की 11 दिन की भूख हड़ताल के बाद केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने घोषणा की थी कि सरकार तेलंगाना गठन की प्रक्रिया शुरू करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications