करुणानिधि कांग्रेस को ब्लैकमेल कर रहे हैं : जयललिता
जयललिता ने यहां फिल्म सम्बंधी एक कार्यक्रम में करुणानिधि द्वारा दिए गए भाषण का उल्लेख करते हुए कहा, "करुणानिधि ने 1,76,379 करोड़ रुपये के स्पेक्ट्रम घोटाले के आरोपी ए.राजा का सार्वजनिक बचाव करने के लिए इस कार्यक्रम के मंच का इस्तेमाल किया। एक पौराणिक कथा के साथ अप्रिय तुलना करते हुए करुणानिधि ने यह कहना चाहा था कि राजा अकेले अपने दम पर इतने बड़े घोटाले को अंजाम नहीं दे सकते।"
जयललिता ने कहा कि करुणानिधि का बयान कांग्रेस नेतृत्व को स्पेक्ट्रम जांच की गति धीमी करने के लिए परोक्ष चेतावनी थी, और अपने गठबंधन सहयोगी को ब्लैकमेल करने का उनका अपना तरीका था।
जयललिता ने कहा, "करुणानिधि ने चेतावनी दी है कि यदि राजा को ठिकाने लगाने के लिए कड़े कदम उठाए गए, तो वह इस घोटाले में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम लेने में वह जरा भी संकोच नहीं करेंगे। दिक्कत यह है कि इस तरह का कोई खुलासा कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा सकता है।"
जेपीसी जांच के प्रति संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की उदासीनता का जिक्र करते हुए जयललिता ने कहा, "संप्रग जितना ही ना नुकुर करता है, यह बात उतनी ही पुख्ता होती जाती है कि मामला सिर्फ राजा तक ही सीमित नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications