आंध्र में भारी बारिश, 16 की मौत
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के बापतला तटीय क्षेत्र को पार करने की वजह से राज्य के दक्षिण तटीय जिलों में भारी बारिश हो रही है।
बंगाल की खाड़ी में बना दबाव बुधवार सुबह बापतला तटीय क्षेत्र को पार कर गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि बापतला के 50 किलोमीटर पश्चिमोत्तर में दबाव बना हुआ है और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने के कुछ समय पहले यह उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ेगा।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के उत्तर तटीय इलाके में तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना जाहिर की है।
आईएमडी ने जारी एक बयान में बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा में भारी बारिश की उम्मीद है।
राज्य के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। स्थिति को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
उधर, गुंटूर जिले में भारी बारिश के कारण उफनाए झरने में एक वाहन के गिरने की वजह से छह बच्चों और पांच महिलाओं सहित 12 लोगों की डूबकर मौत हो गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह बचाव कर्मियों ने वेनुकोडा के समीप पित्ताम्बंदा गांव में मैल्लेदावगू झरने से 12 शव निकाले।
भारी बारिश के कारण गुंटूर और प्रकासम जिले में पिछले दो दिनों में हुई विभिन्न दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो चुकी है।
पांच जिलों में बारिश से 3.2 लाख हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र की फसल चौपट हो गई है। हाल ही में आए चक्रवात से किसान अभी उबर भी नहीं पाए थे कि भारी बारिश की तबाही ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया है।
बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है जिसकी वजह से यातायात प्रभावित हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications