'पाकिस्तान से पैदा हो रहा आतंकवाद अस्वीकार्य' (लीड-2)
ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल में मुम्बई हमले में मारे गए लोगों के लिए आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में सरकोजी ने कहा, "मैं आपसे कहना चाहता हूं कि हम मुम्बई पर हुए आतंकी हमले को कभी नहीं भूलेंगे और भारत के साथ खड़े रहेंगे, ताकि इस मामले में न्याय हो सके।"
सरकोजी ने कहा, "पाकिस्तान के लोग आतंकवाद की जो कीमत चुका रहे हैं, हमें उसके बारे में पता है, लेकिन दुनिया को यह स्वीकार्य नहीं है कि आतंकी हमले पाकिस्तान से संचालित किए जाएं या आतंकियों को पाकिस्तान में प्रशिक्षित किया जाए।"
सरकोजी ने कहा, "मुम्बई हमले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आतंकवाद आपराधिक गतिविधि के अलावा और कुछ नहीं है। इसे राजनीतिक या धार्मिक उद्देश्यों की आड़ में अंजाम दिया जाता है, लेकिन यह केवल जंगलीपन है। इसे विचारधारा की लड़ाई बताई जाती है, लेकिन यह उन्हें ही घायल करता है।"
सरकोजी ने मुम्बई हमले के बाद संयम बरतने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा, "भारतीय प्रधानमंत्री ने हमले के बाद उल्लेखनीय संयम का परिचय दिया था और वह पाकिस्तान के साथ लगातार बातचीत जारी रखे हुए हैं और दृढ़तापूर्वक संवाद की राजनीति पैदा किए हुए हैं। फ्रांस इसका समर्थन करता है।"
सरकोजी ने कहा, "हमारे लिए और उन सभी के लिए यह पर्याप्त नहीं है कि इस तरह के हमलों से खुद की हिफाजत कर लिया जाए। हमें हर हाल में कोई ऐसा तरीका निकालना चाहिए, जिससे उन्हें इस तरह के हमले दोहराने से रोका जा सके।"
सरकोजी ने फ्रेंच भाषा में दिए अपने भाषण में कहा, "यह स्वीकार्य नहीं है कि पड़ोसी क्षेत्रों से संचालित होने वाले आतंकी संगठन भारत की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने में सक्षम हो जाएं।"
ज्ञात हो कि पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते से आए आतंकियों ने नवम्बर 2008 में मुम्बई पर हमला किया था और उस हमले में कम से कम 166 लोग मारे गए थे। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी थे। ओबेराय-ट्राइडेंट होटल भी हमले का निशाना बना था।
सरकोजी ने अफगानिस्तान-पाकिस्तान के हालात के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, "अफगानिस्तान और वहां स्थित हमारे सैनिकों के लिए यह स्वीकार्य नहीं है कि तालिबान और अलकायदा पाकिस्तान के सीमांत क्षेत्र में पनाह पाएं।"
सरकोजी ने कहा कि फ्रांस पाकिस्तान के साथ अपने सम्बंधों को महत्व देता है। उन्होंने कहा, "लोकतांत्रिक, स्थिर, और समृद्ध पाकिस्तान इस क्षेत्र और दुनिया के हित में है।"
सरकोजी की पत्नी कार्ला ब्रूनी सफेद पहनावे में उनके बगल में खड़ी थीं। सरकोजी अपनी चार दिवसीय भारत यात्रा के अंतिम पड़ाव पर मुम्बई में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications