ओबामा ने किया दूसरे 'स्पुतनिक दौर' का आह्वान
वाशिंगटन, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक और 'स्पुतनिक दौर' का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका को उन्नयन और प्रौद्योगिकी में निवेश करना चाहिए और भारत व चीन जैसे देशों के साथ प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए नए अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
ओबामा ने सोमवार को उत्तरी कैरोलिना के विंसटन-सालेम में उस दौर को दोहराए जाने का आह्वान किया, जिसे अमेरिका ने 1950 और 60 के दशक में सोवियत संघ के साथ प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए हासिल किया था। सोवियत संघ ने उस समय पहला उपग्रह स्पुतनिक लांच किया था। ओबामा ने कहा, "हमें उन्नयन के प्रति उस प्रतिबद्धता की आवश्यकता है, जो हमारे पास उस समय के बाद से नहीं है, जब राष्ट्रपति (जॉन एफ.) केनेडी ने हमारे सामने चंद्रमा पर जाने की चुनौती रखी थी।"
ओबामा ने कहा कि भारत, चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देशों ने शिक्षित श्रमिकों, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी तथा गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना पर ध्यान देकर तीव्र आर्थिक प्रतिस्पर्धा खड़ी कर दी है। लेकिन अमेरिका इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
ओबामा ने कहा, "जब वैश्विक कम्पनियों से कुछ वर्ष पूर्व पूछा गया था कि उन्होंने नए अनुसंधान एवं विकास केंद्रों की कहां स्थापना करने की योजना बनाई है, तो लगभग 80 प्रतिशत कम्पनियों ने कहा था कि या तो चीन में या भारत में, क्योंकि ये देश गणित और विज्ञान पर ध्यान दे रहे हैं, तथा वे अपनी श्रमशक्ति के प्रशिक्षण और शिक्षण पर विशेष ध्यान देते हैं।"
भारत और तीन अन्य एशियाई देशों के अपने पिछले महीने के दौरे का जिक्र करते हुए ओबामा ने कहा, "भारत के एक अरब लोग अचानक वैश्विक अर्थव्यवस्था में आ गए हैं। चीन में एक अरब से अधिक लोग वैश्विक अर्थव्यवस्था में शामिल हो गए हैं। इसका अर्थ यह होता है कि प्रतिस्पर्धा बहुत तीव्र होने वाली है।"
ओबामा ने कहा कि भारत और चीन जैसे देशों में अनुसंधान व विकास केंद्र स्थापित करने के लिए इन कम्पनियों ने अगर उन्हें चुना है तो इसके पीछे पहला कारण यह है कि अनुसंधान व विकास के लिए हम जो कर प्रोत्साहन मुहैया कराते हैं, इस उदारता के मामले में 38 देशों में अमेरिका फिलहाल 24वें स्थान पर है।
ओबामा ने कहा, "निस्संदेह हम विजेता बनने के लिहाज से पूरी तरह सुसज्जित हैं। लेकिन फिलहाल की सच्चाई यही है। भविष्य की दौड़ में अमेरिका के पीछे हो जाने का खतरा है।"
ओबामा ने कहा कि घरेलू अमेरिकी उन्नयन को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने "कम्पनियों को सभी अनुसंधान एवं उन्नयन के लिए एक बड़ा व स्थायी टैक्स क्रेडिट का प्रस्ताव किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications