असांजे पुलिस से मिलने की कोशिश कर रहे हैं : वकील
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार लंदन के वकील मार्क स्टीफन्स ने सोमवार रात बीबीसी को बताया कि असांजे यह जानने को उत्सुक हैं कि उनके खिलाफ क्या आरोप लगाए गए हैं, ताकि वह उसके खिलाफ लड़ाई लड़ सकें।
स्टीफन्स ने कहा, "हम सहमति के साथ पुलिस से मिलने का बंदोबस्त करने की प्रक्रिया में हैं ताकि जरूरी प्रश्नों का जवाब दिया जा सके।"
स्टीफन्स ने बीबीसी को बताया कि यह मुलाकात कब होगी, इसके बारे में अभी पता नहीं है, लेकिन यह निकट भविष्य में होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनसे सोमवार की रात कहा था कि उनके मुवक्किल के खिलाफ स्वीडन से एक गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है।
स्टीफन्स ने कहा कि असांजे को किसी मामले में आरोपित नहीं किया गया है और स्वीडिश जांचकर्ता केवल उनसे पूछताछ करना चाहते हैं।
असांजे ने स्वीडिश आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि उनका मानना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के पीछे अमेरिकी सरकार का हाथ है। माना जाता है कि असांजे दक्षिण पूर्व इंग्लैंड में कहीं ठहरे हुए हैं।
ज्ञात हो कि असांजे की वेबसाइट विकिलीक्स पर अमेरिकी सरकार से सम्बद्ध ढेर सारे गोपनीय दस्तावेज जारी हुए हैं।
बीबीसी ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा है कि असांजे (39) के ठिकाने का पता चलने के दूसरे दिन ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। असांजे की गिरफ्तारी के बाद उन्हें ब्रिटेन की एक अदालत में पेश किया जाएगा। फिर ब्रिटिश अदालत यह तय करेगी कि उन्हें प्रत्यर्पित किया जाए या नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications