खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भारत और फ्रांस के बीच सहमति
इस अवसर पर सहाय ने कहा कि फ्रांस में भारत की लगभग 90 कंपनियां हैं और भारत ने वहां सूचना प्रैद्योगिकी, औषधि, प्लास्टकि उद्योग, मोटरवाहन के पुर्जो आदि क्षेत्रों में निवेश किया है। सूचना प्रौद्योगिकी और जैव-प्रौद्योगिकी के बाद भारत खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में अगली क्रांति देखना चाहता है।
उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में वर्ष 2015 तक 20 प्रतिशत वृद्धि और मूल्य संवर्धन 35 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। फ्रांस के कृषि, खाद्य, मछली पालन, ग्रामीण मामले और अंतरिक्ष आयोजना मंत्री ब्रूनो ला मेयर का स्वागत करते हुए सहाय ने कहा कि भारत हरित क्रांति और श्वेत क्रांति के माध्यम से मोटे अनाजों और दूध के उत्पादन में पर्याप्तता के स्तर तक पहुंच गया है और अब यह खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र पर जोर देते हुए दूसरी हरित क्रांति की ओर चलना चाहता है।
सहाय ने कहा कि भारत विश्व के 10 प्रतिशत फल और 13 प्रतिशत सब्जी का उत्पादन करता है। खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान दोनों देशों के बीच सहयोग का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र हो सकता है, क्योंकि भारत की तुलना में फ्रांस में खाद्य प्रसंस्करण का स्तर काफी ऊंचा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि इस क्षेत्र में सूचना और प्रौद्योगिकी का आदान-प्रदान भारत के उद्योगों के लिए काफी मददगार होगा। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में फ्रांस को एक हिस्सेदार बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications