अम्बेडकर स्मारक को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया जाए : भाजपा
अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात कर जो ज्ञापन सौंपा उसमें दिल्ली के 26, अलीपुर मार्ग स्थित अम्बेडकर स्मारक को महात्मा गांधी की समाधि 'राजघाट' के समान दर्जा प्रदान किए जाने की अपील की गई है। डा. अम्बेडकर ने 26, अलीपुर मार्ग में अंतिम सांस ली थी।
भाजपा ने जारी एक बयान में बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री से मध्य प्रदेश के महू में अम्बेडकर की जन्मभूमि के आसपास निर्माण कार्य न कराए जाने की मांग की।
उल्लेखनीय है राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के दौरान अम्बेडकर स्मारक को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया गया था, लेकिन बाद में इस मान्यता को जारी नहीं रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने मनमोहन सिंह से अम्बेडकर स्मारक को 'राजघाट' की तरह विकसित करने के लिए धन मुहैया कराने की भी मांग की। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यन्त कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुण्यतिथि पर बाबा साहेब अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications