भारत की स्थायी सदस्यता वैश्विक संतुलन के लिए अहम : सरकोजी
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में अपने शुरूआती वक्तव्य में सरकोजी ने कहा, "यह सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि विश्व में संतुलन के लिए भी महत्वपूर्ण है।"
भारत के एक जनवरी 2011 को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थायी सदस्य बनने के बारे में पूछे जाने पर सरकोजी ने कहा, "दो वर्ष के अवधि पूरी होने के बाद हम भारत से हट जाने को कहेंगे।"
उन्होंने अपना पक्ष दोहराते हुए कहा कि एक अरब की आबादी वाले देश को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के शीर्ष दायरे से बाहर रखना अनुचित है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता की फ्रांस द्वारा निरंतर पैरवी के लिए सरकोजी का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि सरकोजी, पत्नी कार्ला ब्रूनी और एक विशाल शिष्टमंडल के साथ भारत की चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वह शनिवार को बेंगलुरू पहुंचे। रविवार को आगरा का दौरा करने के बाद वह कल ही दिल्ली पहुंचे थे जहां उनके सम्मान में प्रधानमंत्री ने रात्रिभोज का आयोजन किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications