मीरा ने सांसदों से कहा, संसद में गतिरोध खत्म करें
सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के प्रति जागरूकता लाने के लिए आयोजित इस रैली के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में मीरा ने कहा, "सबसे अच्छा चालक वह है जो न खुद जाम न लगने दे और और न दूसरे को जाम लगाने दे। मुझे लगाता है, यही फामूर्ला हमारी संसद पर भी लागू होता है।"
सांसदों और पत्रकारों के लिए यह पहली कार रैली थी।
कांस्टीट्यूशन क्लब के सचिव एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य था सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन एवं गति पर नियंत्रण के प्रति जागरूकता का संदेश देना।
उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया और होटल ताज पैलेस में आयोजित समारोह में मीरा कुमार ने पुरस्कार वितरण किया।
बिहार से भाजपा के सांसद संजय जायसवाल (45) को ट्रॉफी प्रदान की गई। वह रफी मार्ग स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब से ताज पैलेस की 15 किलोमीटर की दूरी तय समय में पूरी करने में अव्वल आए।
कांस्टीट्यूशन क्लब से ताज पैलेस तक पहुंचने का मार्ग काफी घुमावदार होने के कारण यह रैली काफी मनोरंजक रही।
कांस्टीट्यूशन क्लब से रैली शुरू होते समय कार चलाने वालों को अच्छी संकेत दे दिया गया कि उनका अगला गंतव्य क्या होगा। गंतव्य तक पहुंचने पर उन्हें दूसरा संकेत दिया गया।
रैली दो घंटे चली। फार्मूला 1 परीक्षण चालक करुण चांडोक के नेतृत्व वाले 10 सदस्यीय निर्णायक मंडल ने यह जाहिर किया कि किसने यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए लेन बदला और निर्धारित 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अधिक गति से कार चलाई।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने के लिए मार्ग में मार्शल तैनात थे।
रैली में भाग लेने वालों में सांसद नवीन जिंदल, अगाथा संगमा और कीर्ति आजाद भी शामिल थे। पहली बार सांसद बनीं मौसम नूर अपने पति मिर्जा काएश बेग के साथ रैली में शामिल हुईं।
यह रैली उस वक्त आयोजित की गई, जब भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर विपक्षी दल एक पखवाड़े से अधिक समय से संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications