इजरायल में लगी आग नियंत्रण में, 41 मरे (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक 50 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली इस आग से अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है। आग में 50 लाख पेड़ जल चुके हैं, जबकि 17,000 लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हुए हैं।
इजरायल की वायु सेना के प्रमुख इदो नेहूश्तान ने बताया कि 10 देशों के 24 विमान और हेलीकॉप्टर आग बुझाने के काम में लगे हैं।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंत्रिमंडल की बैठक में कहा कि आग बुझाने के लिए अब देशों को और विमान भेजने की जरूरत नहीं है।
नेतन्याहू ने मंत्रिमंडल को बताया, "हमलोग अभी भी जंगल में लगी आग के बीच हैं। अग्निशमन के अधिकारी आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि इतनी भीषण आग को बिना अंतर्राष्ट्रीय मदद के बुझाया नहीं जा सकता और सहायता मांगने पर इजरायल को 'शर्मिदा' नहीं होना चाहिए।
उधर, अरिजोना स्थित कंपनी से किराया पर लिया गया एवरग्रीन 747 सुपरटैंकर आग पर दो बार पानी गिरा चुका है।
हाफिया जिला पुलिस के प्रवक्ता येहुदा मामन ने समाचार एजेंसी 'डीपीए' से पुष्टि की कि यह आग गुरुवार को लगी। उसाफिया के अरब ड्रज गांव के दो युवक कार्मेल फारेस्ट के बीच कॉफी और सिगरेट पी रहे थे।
उन्होंने बताया, "आग यहीं से फैली।" अधिकारी ने जांच का विस्तृत ब्योरा देने से इंकार कर दिया।
उधर, पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आग के कारण पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी इलाके के पांच स्थानों से हटाए गए लोगों को शनिवार दोपहर वापस लौटने की अनुमति दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications